अमरावती जिला बैंक में बच्चू कडू को बहुमत, दयाराम काले के आने से बदला ▪️ मध्यवर्ती सहकारी बैंक पर बच्चू कडू का कब्जा, 11 संचालकों के समर्थन से मिला बहुमत
युवा मेलघाट / प्रतिनिधि /
अमरावती दि.6 – जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की सियासत में बड़ा उलटफेर हुआ है। चिखलदरा से कांग्रेस समर्थित संचालक दयाराम काले के बच्चू कडू गुट में शामिल होने से अध्यक्ष बच्चू कडू को बैंक में स्पष्ट बहुमत मिल गया है। अब बैंक के नीतिगत फैसले कडू की मर्जी से होंगे।
कैसे बदला समीकरण?
21 सदस्यीय संचालक मंडल में एक सदस्य निलंबित होने से कुल संख्या 20 रह गई। पहले कडू के पास 10 संचालकों का समर्थन था। दयाराम काले के जुड़ने से यह आंकड़ा 11 पर पहुंच गया। प्रकाश कालबांडे की सदस्यता फिलहाल विचाराधीन है।
_ कांग्रेस का गढ़ ढहा – जिले की सहकारिता पर दशकों से कांग्रेस का दबदबा रहा। सुधाकर पाटिल भारसाकले के इस्तीफे के बाद हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में कडू ने धमाकेदार जीत दर्ज की थी। तब से कांग्रेस जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख गुट लगातार विरोध कर रहा था।
_ अब अड़ंगा नहीं – बहुमत मिलने से कडू गुट के प्रस्ताव अब बिना रुकावट पास होंगे। उपाध्यक्ष अभिजीत ढेपे, आनंदराव काले, जयकुमार पटेल सहित 11 संचालक अब कडू के साथ हैं।
बैंक का कद: अमरावती जिला बैंक का सालाना टर्नओवर 6 हजार करोड़ से अधिक है। 95 शाखाओं के जरिए लाखों किसान जुड़े हैं। 2500 करोड़ की डिपॉजिट और 35 हजार सभासद इस बैंक की ताकत हैं। क्रॉप लोन के अलावा कुक्कुट पालन, सिंचाई उपकरणों के लिए भी लोन दिया जाता है।
आगे क्या?
कुछ महीनों में बैंक के पंचवार्षिक चुनाव होने हैं। राज्य सरकार ने किसान कर्जमाफी का ऐलान किया है। ऐसे में बहुमत के साथ कडू किसानों के लिए बड़े फैसले ले सकते हैं। कर्जमाफी का सीधा फायदा सवा दो लाख किसानों को मिलेगा।













